Thursday, August 6, 2026

 

हर सुबह पूरब से लाली फूट पड़ती है,
लोग तैयार होते हैं,
निकल जाते हैं बस या ऑटो पकड़ने,
या अपनी कार या दो पहिया से,
पहुँच जाते हैं  वहीँ,
रोज़ की तरह,
और थके हाथों से,
उड़ेलते हैं चाय, कॉफ़ी,
हर सुबह खुल जाते हैं,
दुकानों के शटर,
और तैयार हो जाते हैं पोहे,
तलने लगते हैं पकौड़े,पूरियां,
सड़कों के ठेलों पर,
हर सुबह दुनिया जगती है ऐसे,
जैसे सब ठीक है,
पहले की तरह। 

पर इन जिम्मेदारियों,
और चुप्पियों में कहीं,
हमारे साथ होते हैं,
हमारे अपने तूफ़ान,
जिसे ज़ाहिर नहीं करते हम,
और हम मुस्कुराते हैं,
कृत्रिम चेहरों पर,
करने लगते हैं काम,
चलते रहते हैं समय के साथ,
क्योंकि,
कभी कभी,
एक और दिन ज़िंदा रह पाना भी,
अपने आप में,
बड़ी बहादुरी का काम है।  

Friday, July 17, 2026

 

सब कहते हैं कि फिर से लिखना शुरू करो,
और सोचता रहता हूँ मैं, कि कैसे लिखूं;

कैसे लिखूं कि उस कभी न ख़त्म होने वाली दौड़ में,
शामिल रहा मैं भी तब तक,
जब तक पैरों के छालों ने दम न तोड़ दिया,
कि अब रोज़ सिसकती हैं हड्डियां,
और कतराते हैं पाँव सीधा खड़े रहने में ;
कैसे लिखूं कि यूँ ही भागते भागते,
बस रह गया है एक टूटा हुआ जिस्म मेरे साथ,
कैसे लिखूं कि कुछ मिलने की चाहत में,
खो गया है वह सब, जिसे सहेजना जरुरी था;

कैसे लिखूं कि उधड़ गयी है चौपाल की सीमेंट,
और दरारें पड़ गयी हैं नीम के तने में,
जिससे झांकती हैं चीखें उन निम्बौरियों की,
जो कभी पक न पायीं;
कैसे लिखूं कि वो माटी के चूल्हे,
बाट जोहते जोहते, मिल गए हैं माटी में ही;
और वो राख जिससे मांजते थे बर्तन,
वो घुल गयी है उन हवाओं में ,
जो हवाएँ अब बहती नहीं;

कैसे लिखूं कि बँट गया है वह सब,
जिसे एक रहना था,
कि बिखर गए हैं हम भूगोल की दूरियों में,
और इतिहास भी याद नहीं ठीक से;
कैसे लिखूं की आज हम सब वह हैं,
जो नहीं होना चाहिए था हमें,
कैसे लिखूं कि लिखने से अब,
नहीं फूटती हैं कोंपलें,
और न ही भर पाती हैं वो दरारें ;

पर सब कहते हैं कि फिर से लिखना शुरू करो,
और सोचता रहता हूँ मैं, कि कैसे लिखूं;